दल्ली राजहरा
गुरुवार 14 मई 2026
भोजराम साहू 9893 765541
 लौह नगरी दल्ली राजहरा का नाम एक बार फिर गौरव से ऊंचा हुआ है। CBSE 12वीं के परीक्षा परिणामों में डीएवी स्कूल के छात्र मानस अग्रवाल ने 93.20% अंक हासिल कर पूरे राजहरा नगर में प्रथम और बालोद जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।

              ( मानस अग्रवाल )
मानस की इस अभूतपूर्व सफलता के बाद अग्रवाल परिवार, समाज, स्कूल प्रबंधन और पूरे दल्ली राजहरा नगर में हर्ष का माहौल है। हर तरफ से मानस और उनके परिवार को बधाइयों का तांता लगा हुआ है।
मानस ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, बड़ी बहन मौली अग्रवाल और डीएवी स्कूल के शिक्षकों को दिया। उन्होंने बताया कि बड़ी बहन मौली ने नीट जैसी कठिन परीक्षा में पेपर लीक और परीक्षा के दौरान एक घंटा बर्बाद होने जैसी चुनौतियों के बावजूद पहले ही प्रयास में सफलता पाकर जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में सीट हासिल की थी। बहन की मेहनत और हौसले ने उन्हें सबसे बड़ी प्रेरणा दी। स्कूल के शिक्षकों, माता-पिता और परिवार के वरिष्ठजनों के आशीर्वाद और लगातार प्रोत्साहन से ही वह यह मुकाम हासिल कर पाए।
भविष्य की योजना साझा करते हुए मानस ने कहा कि वह बीबीए, एफआरएम और सीएफए की पढ़ाई करना चाहते हैं। इसके लिए वे जल्द ही किसी प्रतिष्ठित कॉलेज में प्रवेश के लिए परिजनों और जानकारों से सलाह कर रहे हैं।

अभूतपूर्व सफलता पर  मानस अग्रवाल का मुंह मीठा करते हुए प्राचार्य  जी व्ही राजशेखर राव
डीएवी स्कूल के प्रिंसिपल जी.वी. राजशेखर राव ने मानस का मुंह मीठा करवाते हुए कहा कि मानस शुरू से ही प्रतिभाशाली रहा है। पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी वह हमेशा आगे रहता है। जब हमारे छात्र इस तरह ऐतिहासिक परिणाम लाते हैं तो पूरे स्कूल प्रबंधन का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। उन्होंने मानस और उनके परिवार को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि मानस आगे भी सफलता के नए आयाम गढ़ेगा।
क्लास टीचर सरिता द्विवेदी ने मानस को बेहद अनुशासित और मेहनती छात्र बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से भरोसा था कि मानस अच्छे अंकों से पास होगा और स्कूल का नाम रोशन करेगा। उनका भविष्य उज्ज्वल है और वह निश्चित रूप से अपने सपनों को साकार कर स्कूल, परिवार और पूरे प्रदेश का नाम ऊंचा करेगा।

 ( मानस अग्रवाल अपने परिवारक साथ )
मानस अग्रवाल दल्ली राजहरा के शिवनाथ टाइल्स के संचालक संदीप उर्फ सोनू अग्रवाल के पुत्र हैं। उनकी माता अनुराधा अग्रवाल गृहिणी हैं और अंग्रेजी में एम.ए. की डिग्री प्राप्त हैं। जैसे ही परिणाम सामने आया, गणमान्य नागरिकों सहित पूरे नगरवासियों ने मानस और उनके परिवार को बधाइयां दीं।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!