दल्ली राजहरा सोमवार 21 सितम्बर 2026 भोज राम साहू 9893765541

 

 नया बाजार मेन रोड स्थित श्री साईं बाबा गणेश उत्सव समिति ने एक बार फिर भक्ति और सेवा की अनोखी मिसाल पेश की। गणेशोत्सव के पावन अवसर पर समिति द्वारा तमिलनाडु की तर्ज पर हजारों श्रद्धालुओं को गरमा-गरम मसाला डोसा का प्रसादम वितरित किया गया। विघ्नहर्ता के दर्शन के साथ ही डोसा प्रसादम ग्रहण करने के लिए सुबह से ही पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

समिति के तत्वावधान में पिछले 4 वर्षों से यह गौरवशाली परंपरा अनवरत चली आ रही है, जो अब पूरे नगर में विशेष आकर्षण का केंद्र बन गई है। इस वर्ष भी हजारों की संख्या में दल्लीराजहरा सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे भक्तों ने बाप्पा के दर्शन कर महाप्रसाद ग्रहण किया।

सुव्यवस्थित आयोजन, लंबी कतारों में भी नहीं टूटी आस्था
पंडाल के सामने सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। समिति के सदस्यों और सेवादारों ने बेहद ही सुव्यवस्थित और अनुशासित तरीके से हजारों श्रद्धालुओं को पंक्तिबद्ध कर गरमा-गरम मसाला डोसा, चटनी और सांभर का प्रसादम वितरित किया। प्रसादम की खुशबू और भक्ति के उत्साह ने पूरे नया बाजार को भक्तिमय बना दिया।

 

रिमझिम बारिश में भी नहीं डिगी भक्तों की आस्था
इस दौरान एक अद्भुत नजारा भी देखने को मिला। डोसा प्रसादम वितरण के समय रिमझिम बारिश शुरू हो गई थी, लेकिन इससे भक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं आई। श्रद्धालु हाथों में छाता लेकर, बारिश में भीगते हुए भी प्रसाद लेने के लिए लंबी कतार में अनुशासित रूप से खड़े रहे। बारिश में भीगते हुए बाप्पा का प्रसाद ग्रहण करने का यह दृश्य देखते ही बन रहा था, जिसने सबका मन मोह लिया और यह साबित कर दिया कि सच्ची भक्ति किसी भी मौसम की मोहताज नहीं होती।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि नया बाजार मेन रोड का यह गणेश पंडाल हमेशा से ही भक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। महाप्रसाद के रूप में मसाला डोसा वितरण का यह अनूठा और नवाचारी आयोजन हर साल पहले से और अधिक भव्य होता जा रहा है।

इस सफल एवं ऐतिहासिक आयोजन को संपन्न कराने में श्री साईं बाबा गणेश उत्सव समिति के समस्त पदाधिकारियों, समर्पित सेवादारों, नया बाजार के व्यापारी भाइयों एवं स्थानीय नगरवासियों का सराहनीय योगदान रहा। समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोगियों एवं उपस्थित समस्त धर्मप्रेमी जनता के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।

 

Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!