कबीरधामकवर्धाछत्तीसगढ़डौंडीदल्लीराजहराबालोदविविध

लौह नगरी दल्ली राजहरा में नगर कीर्तन में गतका का भव्य प्रदर्शन, “नशे से दूर रहने का संदेश..!”

दल्ली राजहरा शनिवार 21 नवंबर 2026  भोज राम साहू 9893765541

 

गुप्ता चौक पर युद्ध कला देखकर दर्शक रह गए दंग, 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती पर होगा भव्य आयोजन

 गुरुवार 19 नवंबर 2026 को दल्ली राजहरा में श्रद्धा, भक्ति और शौर्य का अद्भुत संगम देखने को मिला। दोपहर 3 बजे गुरुद्वारे से भव्य नगर कीर्तन का शुभारंभ हुआ। नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में संगत शामिल हुई। गुरुद्वारे से शुरू होकर यह कीर्तन गुप्ता चौक, जैन भवन चौक, श्रमवीर चौक, शहीद शंकर गुहा नियोगी चौक होते हुए चिखला कसा के छतवाल पेट्रोल पंप तक गया और वहां से वापस गुप्ता चौक होते हुए गुरुद्वारा पहुंचकर संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया।

पालकी सेवा बनी आकर्षण का केंद्र –
राजनांदगांव के सिख समाज के द्वारा बेहतरीन पालकी सेवा की गई। इस पालकी साहब में गुरु ग्रंथ साहिब को पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ रखा गया था। पालकी को फूलों और विद्युत सज्जा से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। नगर कीर्तन के प्रारंभ में दुर्ग जिला से आए पारंपरिक युद्ध कला गतका के कलाकार चल रहे थे। मध्य में पंच प्यारों की अगुवाई में गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी थी। अंत में समाज की महिलाओं के द्वारा शब्द-कीर्तन और पाठ किया जा रहा था। पालकी के दोनों ओर महिला, पुरुष एवं बच्चे गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ करते हुए चल रहे थे। पूरा वातावरण गुरबाणी और जयकारों से गूंज उठा।
गतका प्रदर्शन ने जीता दिल –
सरदार हरविंदर सिंह के नेतृत्व में हम चाकर गोविंद के गतका टीम दुर्ग के द्वारा विभिन्न युद्ध कला और उपयोगी शास्त्रों का प्रदर्शन किया गया। कलाकारों ने तलवारबाजी, भाला, चक्र और अन्य पारंपरिक शस्त्रों का सजीव प्रदर्शन किया। साथ ही युद्ध कला के माध्यम से सिख इतिहास की वीर गाथा को भी जीवंत किया गया।
जब रस्सा मंगड़ नाम के मुगल शासक ने हरमंदिर साहब गुरुद्वारा को धावा बोलकर अपने कब्जे में कर लिया था, तब गुरु के आदेश पर सेवकों ने जाकर उसका सिर काटकर गुरु के चरणों में भेंट किया तथा हरमंदिर साहब को आजाद कराया था। उन्हीं युद्ध की घटना का सजीव चित्रण गतका टीम के द्वारा किया गया, जिसे देखकर संगत भावविभोर हो गई।
गुप्ता चौक पर अविस्मरणीय कारनामे –
गुप्ता चौक पर विशाल युद्ध कला की प्रदर्शनी की गई। इस दौरान ऐसे-ऐसे कारनामे दिखाए गए, जिसे देखकर दर्शक हैरान रह गए। एक सरदार जी के द्वारा दो 350 सीसी के बुलेट को कंधे से दोनों भुजा से पकड़कर रखा गया, जिसे बुलेट पूरी गति के साथ भी सरदार जी को हिला नहीं पाई। वहीं सीने पर रखकर तीन मोटे-मोटे पत्थरों को तोड़ा गया। साथ ही आंख में पट्टी बांधकर व्यक्ति के चारों तरफ रखे गए तरबूज एवं नारियल को विशाल हथौड़े से तोड़ा गया।
इन साहसिक करतबों को देखकर दर्शकों ने दांतों तले उंगली दबा ली। विशाल जन समुदाय ने इस आयोजन को बड़ी तन्मयता के साथ देखा। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन का भी बेहतरीन सहयोग रहा, जिससे नगर कीर्तन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
नौजवानों को दिया नशे से दूर रहने का संदेश –
इस अवसर पर सरदार हरविंदर सिंह ने नौजवान युवकों को नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का नौजवान ही समाज और देश का भविष्य है, इसलिए उसे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने जीवन को संवारना चाहिए। साथ ही अपनी बानी, भाषा और बाना (गुरु महाराज के द्वारा दिया गया अस्त्र) को अपनाने और शास्त्र (वेद, धार्मिक ग्रंथों) और शस्त्र के भी धनी बनने का संदेश दिया।

पाउंटा साहब से आए हुए कथावाचक सरदार कमलजीत सिंह के द्वारा गुरुद्वारे में कथा के माध्यम से संगत के समक्ष अपने विचार रखे गए। उन्होंने गुरबाणी के माध्यम से संगत को गुरु के बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी और कथा के द्वारा संगत को निहाल किया।

 

गुरु के लंगर की हुई सेवा –
नगर कीर्तन में आए सभी संगत के लिए गुरु के लंगर की सेवा की गई। लंगर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सेवादारों ने पूरे मनोयोग से संगत की सेवा की।
24 नवंबर को होगा विशेष कार्यक्रम –
24 नवंबर 2026 को श्री गुरु नानक जयंती के अवसर पर समाज के द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इसमें सुबह से ही कीर्तन होगा, कीर्तन की सेवा होगी तथा अरदास के उपरांत गुरु का लंगर होगा। जिसमें समस्त नगर वासियों को आमंत्रित किया गया है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से जयंती कार्यक्रम में शामिल होकर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

 

 

Spread the love

Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!