दल्ली राजहरा मंगलवार 04 अगस्त 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

 आम जनता पर अतिरिक्त बोझ बर्दाश्त नहीं करेंगे :– अनिला भेड़िया (विधायिका डौंडीलोहारा)

 

स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल में अप्रत्याशित बढ़ोतरी से परेशान उपभोक्ताओं की आवाज बनकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अब वार्ड-वार अभियान चलाएगी। कांग्रेस कार्यालय में हुई मासिक बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर के प्रत्येक वार्ड में जाकर स्मार्ट मीटर लगे उपभोक्ताओं से आवेदन भरवाए जाएंगे और उन्हें हटाकर पुराने मीटर लगाने की मांग की जाएगी।

बैठक में पदाधिकारियों ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से लगातार बिल बढ़ने की शिकायतें मिल रही हैं। इससे आम उपभोक्ता आर्थिक संकट में फंस गया है। उपभोक्ताओं की मांग पर कांग्रेस ने इसे जनांदोलन का रूप देने का फैसला किया है।

 

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि मंडल अध्यक्षों और संगठन के कार्यकर्ताओं की देखरेख में वार्ड-स्तर पर आवेदन संग्रह अभियान चलाया जाएगा। सभी आवेदन एकत्रित कर विद्युत विभाग को सौंपे जाएंगे। इसके बाद बिजली उपभोक्ताओं के साथ मिलकर स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिल के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

 

बैठक में क्षेत्रीय विधायक अनिला भेड़िया विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि “स्मार्ट मीटर के जरिए आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। आम उपभोक्ताओं के हक और अधिकारों की रक्षा करना कांग्रेस की जिम्मेदारी है।”

विधायक ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे हर वार्ड में पहुंचकर लोगों की समस्या सुनें, आवेदन भरवाएं और उनकी आवाज को सरकार तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बूथ और वार्ड स्तर पर मजबूत कर इस लड़ाई को और तेज करना होगा।

 

वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान नहीं होता, कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी। जरूरत पड़ने पर उपभोक्ताओं के साथ चरणबद्ध आंदोलन भी किया जाएगा।
बैठक में ये रहे मौजूद 
मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष अभय सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष काशी निषाद, जिला कांग्रेस महामंत्री रवि जायसवाल, युवराज साहू, पूर्व अध्यक्ष अशोक बाम्बेश्वर, मजदूर नेता तिलक मानकर, पार्षद प्राची सिन्हा, सुमरित उर्वशा, रोशन पटेल, पूर्व पार्षद श्रुति यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।अंत में ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री श्रीनिवास ने सभी का आभार व्यक्त कर बैठक समाप्ति की घोषणा की।

 

Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!