दल्ली राजहरा शनिवार 22 अगस्त 2026 भोजराम साहू 9893 765541वन विभाग की सजगता और रात्रिकालीन गश्त का असर अब जमीनी स्तर पर दिखने लगा है। दल्ली राजहरा वन परिक्षेत्र की टीम ने बीती रात ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अवैध लकड़ी परिवहन में लगे 4 वाहनों को जप्त किया है। इस कार्रवाई से वन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। वन परिक्षेत्र अधिकारी दल्ली राजहरा संतोष कुमार ठाकुर के निर्देशन में वन विभाग की टीम बीती रात्रि नियमित गश्त पर थी। रात्रि करीब 11 बजे ठेमाबुजुर्ग से पचेड़ा मुख्य मार्ग पर एक संदिग्ध माजदा 1109 वाहन को रोका गया। तलाशी में वाहन में अवैध लकड़ी भरी मिली। चालक के पास वनोपज परिवहन का कोई वैध दस्तावेज नहीं था। टीम ने तत्काल वाहन जप्त कर दल्ली राजहरा डिपो पहुंचाया।इस कार्रवाई के कुछ घंटे बाद ही टीम ने गश्त और तेज की। रात्रि 1.30 बजे पटेली से घोठिया मार्ग पर तीन ट्रैक्टरों को लकड़ी परिवहन करते देखा गया। वन अमले ने घेराबंदी कर तीनों ट्रैक्टर पकड़े। जांच में पाया गया कि ट्रैक्टरों में आम, सेनहा और नीम प्रजाति के लट्ठे अवैध रूप से परिवहित किए जा रहे थे। चालकों से परिवहन पास मांगा गया तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। तीनों ट्रैक्टरों को भी वनोपज सहित जप्त कर डिपो लाया गया।अधिकारियों ने बताया कि पकड़ी गई लकड़ियां अवैध रूप से काटकर ले जाई जा रही थीं। प्रारंभिक जांच में यह संगठित रूप से वनोपज की कटाई और परिवहन का मामला लग रहा है। विभाग ने वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। लकड़ियों की नाप-जोख और प्रजातिवार वर्गीकरण की प्रक्रिया डिपो में जारी है।इस पूरी कार्रवाई में सहायक परिक्षेत्र अधिकारी युगल किशोर सोन बोईर, परिसर रक्षक दल्ली राजहरा रविशंकर, परिसर रक्षक कोंडे कसा रणवीर नायक और रक्षक पटेली प्रेमलाल कुंजाम विशेष रूप से मौजूद रहे। वन परिक्षेत्र अधिकारी संतोष कुमार ठाकुर ने बताया कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए रात्रिकालीन गश्त बढ़ा दी गई है। अवैध कटाई और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए मुखबिर तंत्र भी सक्रिय किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध वनोपज के परिवहन और कटाई में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी वन विभाग की इस कार्रवाई की सराहना की है।Spread the lovePost navigationमेटल माइंस वर्कर्स यूनियन दल्ली राजहरा ने नव नियुक्त महाप्रबंधक (प्रभारी) ए.के. सिंह का किया आत्मीय स्वागत । खम्हार टोला में नन्हें बच्चों को मिली बड़ी सौगात: मंजू संजय बैस के हाथों हुआ नवीन आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण ।