दल्ली राजहरारविवार 21 जून 2026भोजराम साहू 9893 765541 दल्ली राजहरा से रायपुर के बीच प्रतिदिन यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से चली आ रही मांग और जनभावनाओं को देखते हुए अंततः रेलवे प्रशासन ने अंतागढ़–रायपुर डेमू ट्रेन में चार अतिरिक्त बोगियों का विस्तार करने का निर्णय लिया है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का श्रेय चैंबर ऑफ कॉमर्स दल्ली राजहरा इकाई, नगर पालिका प्रतिनिधियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारी संघ तथा जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयासों को जाता है। इस मुद्दों को लेकर नवभारत समाचार पत्र में भी मुख्य रूप से उठाया गया था।गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व दल्ली राजहरा से रायपुर जाने वाली डेमू ट्रेन में अत्यधिक भीड़ के कारण यात्रियों के गेट पर लटककर यात्रा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो ने रेलवे की यात्री सुविधाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। आम जनता ने भी इस व्यवस्था पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए यात्रियों की सुरक्षा और अतिरिक्त कोचों की मांग जोर-शोर से उठाई थी।इस गंभीर समस्या को देखते हुए चैंबर ऑफ कॉमर्स दल्ली राजहरा ने पहल करते हुए रेलवे प्रशासन के समक्ष मजबूती से अपनी बात रखी। विगत माह दल्ली राजहरा में आयोजित रेलवे संबंधी कार्यक्रम के दौरान चैंबर ऑफ कॉमर्स के महामंत्री राजा डहरवाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे रेलवे अधिकारियों के समक्ष अतिरिक्त बोगियों की मांग को प्रमुखता से उठाया था। इस दौरान रेलवे डीआरएम दयानंद एवं सीनियर डीसीएम अवदेश द्विवेदी ने मांग पर सकारात्मक सहमति जताई थी।इसके बाद चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका अध्यक्ष तोरन लाल साहू, चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष अमित कुकरेजा, महामंत्री राजा डहरवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष मनोज दुबे, जिला मंत्री स्वाधीन जैन, राजू सोनी, झूमरलाल जैन, सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से रेलवे अधिकारियों को मांग पत्र सौंपकर इस विषय को लगातार उठाया।इन सभी प्रयासों का परिणाम अब सामने आया है। रेलवे प्रशासन द्वारा अंतागढ़–रायपुर डेमू ट्रेन में चार अतिरिक्त बोगियां जोड़ने का निर्णय लिया गया है, जिससे दल्ली राजहरा, बालोद एवं आसपास के क्षेत्रों से प्रतिदिन रायपुर आने-जाने वाले विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों, मरीजों तथा आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। भीड़ कम होगी, यात्रियों को बैठने की बेहतर सुविधा मिलेगी और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि गेट पर लटककर यात्रा जैसी खतरनाक स्थिति से काफी हद तक बचाव हो सकेगा।चैंबर ऑफ कॉमर्स एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने रेलवे प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह केवल एक संगठन की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता की जीत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी दल्ली राजहरा क्षेत्र की अन्य रेल सुविधाओं एवं यात्री हितों से जुड़े मुद्दों पर रेलवे प्रशासन सकारात्मक निर्णय लेगा।क्षेत्रवासियों ने भी इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए चैंबर ऑफ कॉमर्स, नगर पालिका प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि लंबे समय से अतिरिक्त बोगियों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी और अब यह मांग पूरी होने से हजारों यात्रियों को प्रतिदिन सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।Spread the lovePost navigation13 जुलाई से रायपुर में हड़ताल: दल्ली राजहरा नगर पालिका कर्मचारियों ने भी थामा मोर्चा । गजाधर साहू (अध्यक्ष परिक्षेत्रीय साहू समाज टाउन ए )के नेतृत्व में सप्तगिरि पार्क में संपन्न हुआ योग शिविर ।