दल्ली राजहरा गुरुवार 20 अगस्त 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

 

टाउनशिप का मतलब होता है साफ-सफाई, शांत माहौल और सुरक्षित सड़कें। लेकिन दल्लीराजहरा टाउनशिप की हकीकत इसके ठीक उलट है। खासकर ओपन एयर थिएटर के पास वाला चौक अब आवारा पशुओं का बसेरा बन गया है।

दिन में कुत्तों की दहशत, रात में गोधन का कब्जा
ओपन एयर थिएटर चौक में सुबह से शाम तक 15 से 20 आवारा कुत्तों का झुंड दिखाई देता है। ये कुत्ते आपस में झगड़ते हैं, एक चौक से दूसरे चौक तक दौड़ लगाते हैं। राहगीरों, बच्चों और महिलाओं में इनको लेकर डर का माहौल है। कई बार इनकी वजह से लोग दुर्घटनाग्रस्त भी हो चुके हैं।
रात होते ही स्थिति और भयावह हो जाती है। टाउनशिप की सड़कों पर आवारा गाय, बैल और अन्य पशुओं का डेरा लग जाता है। पशुपालक भी अपने पशुओं को खुला छोड़ देते हैं। नतीजा यह है कि कोई भी सड़क ऐसी नहीं बची जहां गोधन न बैठा हो। अंधेरे में सड़क पर बैठे पशुओं की वजह से कई सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इन हादसों में कभी इंसान की जान जाती है तो कभी पशु बड़े वाहनों की चपेट में आकर मर जाते हैं।

 

शांत टाउनशिप की जगह ‘भयावह’ आवाजें
एक समय था जब टाउनशिप की शांति में खदानों की मशीनों की धीमी गूंज सुनाई देती थी। अब रात में कुत्तों के रोने और झुंड की आवाजें माहौल को डरावना बना देती हैं।

14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जब लोग जश्न की तैयारी में थे, उसी समय रात 8 बजे बस स्टैंड स्थित शहीद शंकर गुहा नियोगी चौक पर गोधन भी सड़कों पर ‘आजादी’ मनाता नजर आया।

 

प्रशासनिक कार्रवाई नाकाफी 
नगर पालिका परिषद द्वारा कभी-कभार गौवंश को कौउकेचर के माध्यम से पकड़ा जाता है, लेकिन हजारों की संख्या में शहर में घूम रहे पशुओं के सामने यह कार्रवाई ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रही है। बाजार में भी गाय और सांडों की वजह से सब्जी विक्रेता और ग्राहक दोनों परेशान हैं।

मांग: विशेष अभियान चलाया जाए
स्थानीय लोगों की मांग है कि टाउनशिप की गरिमा बचाने के लिए प्रशासन गौवंश संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाए। साथ ही आवारा कुत्तों की नसबंदी और संख्या नियंत्रण के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएं।

 (रात्रि में पालतू पशुओं द्वारा बर्बाद कर दिये गए घरेलू गार्डन)

इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीमा बक्शी से चर्चा करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके अवकाश पर होने के कारण संपर्क नहीं हो सका।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!