छत्तीसगढ़डौंडीदल्लीराजहराबालोदविविध

दल्ली राजहरा के लिए बड़ी सौगात, 130 एकड़ बीएसपी जमीन पर बसे हजारों परिवारों को मिलेगा अपना हक..!

दल्ली राजहरा  मंगलवार 24 नवंबर 2026 भोजराम साहू 9893765541
👉1. दल्ली राजहरा को मिली बड़ी सौगात, 130 एकड़ जमीन पर बसे लोगों को मिलेगा अपना हक
👉2. बरसों का इंतजार खत्म, कलेक्टर ने दिया 130 एकड़ जमीन के सर्वे का आदेश
👉3. तोरनलाल साहू के प्रयास रंग लाए, दल्ली राजहरा के हजारों परिवारों को मिलेगी बड़ी राहत ।

 

➡️समाचार ⬅️

 

 

सालों से जिस जमीन पर लोग अपना घर बनाकर रह रहे थे, लेकिन कागजों में वो जमीन उनकी नहीं थी, अब उसी जमीन की किस्मत बदलने वाली है। दल्ली राजहरा के लिए एक ऐसी खबर आई है, जिसका इंतजार यहां के हजारों परिवार बरसों से कर रहे थे।

नगर पालिका परिषद दल्ली राजहरा के अध्यक्ष तोरनलाल साहू के अथक प्रयासों का अब रंग दिखने लगा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रभारी मंत्री विजय शर्मा और  राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा के निर्देशन में,   दल्ली राजहरा को एक बहुत बड़ी सौगात मिलने जा रही है।

 

क्या है पूरा मामला….?

 

दल्ली राजहरा में बीएसपी माईंस क्षेत्र की करीब 130 एकड़ अनुपयोगी जमीन पर बरसों से लोग बसे हुए हैं। वार्ड क्रमांक 1, 2, 3, 5, 7, 9, 10, 11, 12, 13, 16, 17 और 23 के ये परिवार अपना घर तो बना चुके थे, लेकिन जमीन का मालिकाना हक उनके पास नहीं था। इसी वजह से न पट्टा मिल पाता था, न पूरी तरह से सरकारी योजनाओं का लाभ।

अब इस जमीन को राजस्व विभाग के नाम हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए जिला कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आदेश जारी कर दिया है।

 

कलेक्टर ने जारी किया आदेश…!

 

कार्यालय कलेक्टर, भू-अभिलेख शाखा, जिला बालोद के आदेश क्रमांक 1494 के अनुसार, दल्ली राजहरा की इस 130 एकड़ जमीन की वास्तविक स्थिति की जांच होगी। साथ ही बीएसपी को पूर्व में आबंटित भूमि में से जो रिक्त भूमि बची है, जिसका उपयोग सार्वजनिक कामों के लिए किया जा सकता है, उसका भी चिन्हांकन किया जाएगा।

इसके लिए दो टीमें गठित की गई हैं।
पहली टीम का नेतृत्व तहसीलदार डौण्डी देवेन्द्र नेताम करेंगे। ये टीम वार्ड 1, 2, 3, 5, 7, 9, 10 का सर्वे करेगी।
दूसरी टीम का नेतृत्व अति. तहसीलदार दल्ली राजहरा मोहित कुमार अमीला करेंगे। ये टीम वार्ड 11, 12, 13, 16, 17, 23 का सर्वे करेगी।

 

दोनों टीमों में राजस्व निरीक्षक, सहायक राजस्व निरीक्षक और पटवारियों को लगाया गया है। टीमों को निर्देश दिया गया है कि वे बीएसपी माईंस और नगर पालिका के अधिकारियों से संपर्क कर सर्वे का काम पूरा करें और जांच प्रतिवेदन अनुविभागीय अधिकारी डौण्डी के समक्ष जल्द से जल्द प्रस्तुत करें।

 

लोगों में खुशी की लहर…!

 

आदेश जारी होते ही दल्ली राजहरा में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोगों का कहना है कि अगर ये जमीन राजस्व विभाग को मिल जाती है तो पट्टे का रास्ता साफ हो जाएगा। फिर उन्हें अपने घर पर पूरा हक मिलेगा। न कोई डर रहेगा, न कोई चिंता।

 

नगर पालिका अध्यक्ष तोरनलाल साहू ने कहा कि यह दल्ली राजहरा के लोगों के लिए ऐतिहासिक दिन है। बरसों की मेहनत अब रंग ला रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री सहित सभी नेताओं का आभार जताया, जिनके सहयोग से ये संभव हो पाया।

 

अब सबकी निगाहें सर्वे रिपोर्ट पर टिकी हैं। सर्वे पूरा होते ही आगे की प्रक्रिया और तेज हो जाएगी।
Spread the love

Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!