दल्ली राजहरा
शनिवार 23 मई 2026
भोजराम साहू 9893 765541
 रायपुर जाने के लिए ट्रेन को ग्रीन सिग्नल मिल चुका था और डीआरएम दयानंद सीनियर डीसीएम अवधेश त्रिवेदी के साथ बोगी में बैठ चुके थे। तभी सक्रिय जनप्रतिनिधि संजय बैंस के पहुंचने की सूचना मिलते ही डीआरएम ने ट्रेन रुकवाकर खुद प्लेटफॉर्म पर उतरकर उनसे मुलाकात की। डीआरएम के इस अपनत्व भरे अंदाज की स्टेशन पर मौजूद लोगों ने जमकर सराहना की।

अभिनंदन समारोह के बाद रवाना हो रहे थे अधिकारी 
दरअसल, डीआरएम दयानंद और सीनियर डीसीएम अवधेश त्रिवेदी राजहरा प्रवास पर पहुंचे थे। यहां नवभारत समाचार पत्र और जोश एंड राजा न्यूज एजेंसी द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में रेलवे स्टेशन को भव्य बनाने और ट्रेन की बोगी बढ़ाने की मांग को लेकर जनप्रतिनिधि शामिल हुए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद अधिकारी ट्रेन से रायपुर के लिए रवाना हो रहे थे। इसी बीच पूर्व जनपद सदस्य और रेलवे सलाहकार सदस्य संजय बैंस अपने साथियों के साथ समस्याएं लेकर स्टेशन पहुंचे।

सीनियर डीसीएम को मिली सूचना, डीआरएम खुद पहुंचे मिलने  
नवभारत संवाददाता राजा डहरवाल ने फोन पर सीनियर डीसीएम अवधेश त्रिवेदी को संजय बैंस के पहुंचने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संजय बैंस क्षेत्र के बेहद सक्रिय जनप्रतिनिधि हैं और हमेशा विकास कार्यों के लिए तत्पर रहते हैं। यह सुनते ही डीआरएम दयानंद ने तुरंत ट्रेन रुकवाई और खुद संजय बैंस से मिलने प्लेटफॉर्म पर पहुंच गए। संजय बैंस ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

राम जानकी सेवा समिति के सेवा कार्य की डीआरएम ने की सराहना ।
डीआरएम दयानंद ने जनसमुदाय से कहा कि सीनियर डीसीएम से संजय बैंस की सक्रियता के बारे में सुनकर मैं खुद मिलने से रुक नहीं पाया। उन्होंने बताया कि संजय बैंस ने राम जानकी सेवा समिति के साथियों के साथ मिलकर गर्मी से राहत देने के लिए स्टेशन परिसर में कूलर लगवाए हैं। यह सुनकर उन्हें बेहद प्रसन्नता हुई।
जर्जर सड़क और खम्हार टोला की समस्या पर सौंपा ज्ञापन ।
संजय बैंस ने पत्र सौंपकर बताया कि रेलवे क्षेत्र की सड़कें बेहद जर्जर हो चुकी हैं। पुराना बाजार से रेलवे स्टेशन होते हुए नेशनल हाईवे तक डामरीकरण सड़क निर्माण की मांग की गई। डीआरएम ने सहमति जताते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उनके साथ पहुंचे खम्हार टोला के ग्रामीणों ने बताया कि गांव पहुंच मार्ग पर पटरी के दोनों ओर खंभे लगा दिए गए हैं। बरसात में नाले में पानी भरने से गांव का रास्ता बंद हो जाता है। ग्रामीणों ने इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।
इस मौके पर ग्राम पंचायत कुसुमकसा के उप सरपंच नितिन जैन, राम जानकी सेवा समिति अध्यक्ष संतोष जैन, अशोक धर्मगुड़ी सहित खम्हार टोला के ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने सफल आयोजन के लिए नवभारत संवाददाता राजा डहरवाल का पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार जताया।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!