कबीरधामकवर्धाछत्तीसगढ़डौंडीदल्लीराजहराबालोदविविध

दल्ली राजहरा का सप्तगिरि पार्क बना मिनी कश्मीर, कोहरे की चादर में योग और सात पहाड़ियों के बीच प्रकृति का अद्भुत संगम !

दल्ली राजहरा सोमवार 23 नवम्बर 2026 भोजराम साहू  9893765541
दल्ली राजहरा का सप्तगिरि पार्क

ठंड बढ़ते ही दल्ली राजहरा का सप्तगिरि पार्क सुबह-सुबह किसी हिल स्टेशन जैसा नजर आने लगा है। घना कोहरा, ठंडी हवा, हरियाली और तालाब में विचरण करते हंसों के जोड़े को देखकर मन मचल उठता है। ऐसा लगता है जैसे कश्मीर या शिमला की वादियों में आ गए हों। यही कारण है कि सुबह 5 बजे से ही पार्क में टहलने, जॉगिंग और योगा करने वालों की भीड़ उमड़ रही है।
क्यों कहते हैं सप्तगिरि पार्क

 

संस्कृत में सप्तगिरि का अर्थ होता है सात पहाड़। सप्त यानी सात और गिरि यानी पर्वत। दल्ली राजहरा एक पहाड़ी और खनिज-संपन्न क्षेत्र है, जो चारों ओर से छोटे-बड़े पहाड़ों से घिरा है। सात पहाड़ियों के समूह के बीच स्थित होने के कारण ही यह उद्यान सप्तगिरि पार्क कहलाया।

किसने बनवाया, कब बना

 

सप्तगिरि पार्क का निर्माण भिलाई इस्पात संयंत्र, सेल प्रबंधन द्वारा दल्ली राजहरा माइंस टाउनशिप के विकास के हिस्से के रूप में कराया गया। टाउनशिप, आवासीय कॉलोनियों, अस्पतालों और सार्वजनिक उद्यानों का निर्माण व रखरखाव राजहरा माइंस, आयरन ओर कॉम्प्लेक्स प्रबंधन और इसके उद्यानिकी विभाग द्वारा किया गया है।
दल्ली राजहरा की खदानों में उत्पादन 1958-59 में शुरू हुआ था, जिसके बाद 1960 और 1970 के दशकों में कर्मियों और स्थानीय निवासियों के मनोरंजन के लिए इस उद्यान को विकसित किया गया।

25-30 साल से रोज आ रही है मित्र मंडली
पार्क में रोज सुबह आने वाली मित्र मंडली के सदस्य किशोर साहू, डॉ. टी. पी. देशमुख और छन्नू सिंह नेताम ने बताया कि वे पिछले 25-30 सालों से लगातार यहां आ रहे हैं। सुबह की सैर, योगा और आपसी मेल-मिलाप उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है। उनका कहना है कि नियमित योगा और सैर से स्वास्थ्य अच्छा रहता है, शरीर में स्फूर्ति रहती है और मन प्रसन्न रहता है।

बिना पैसे का हिल स्टेशन, फ्री में स्वास्थ्य लाभ

 

पार्क में योगा कर रहे लोगों ने कहा कि लोग मौसम का आनंद लेने के लिए पैसा खर्च करके बाहर घूमने जाते हैं, लेकिन दल्ली राजहरा में ही सुबह-सुबह बिना पैसे के हिल स्टेशन जैसा आनंद मिल रहा है। यहां प्राकृतिक सौंदर्य भी है और स्वास्थ्य लाभ भी है। सुबह की ताजी हवा में योगा करने से पूरा दिन तरोताजा रहता है।
कोहरे के बीच यादव जी, निर्मलकर जी और सिंह जी को सूर्य नमस्कार, ताड़ासन और अन्य योगासन करते देखा गया। कोहरे की चादर के बीच हरी घास पर योगा करते लोगों का दृश्य बेहद मनमोहक लग रहा था।

पार्क की विशेषताएं जो इसे खास बनाती हैं

 

यहां टहलने और जॉगिंग के लिए 750 मीटर लंबा और डेढ़ मीटर चौड़ा सी.सी. ट्रैक बनाया गया है। चारों ओर शांतिपूर्ण वातावरण और हरियाली है, जो सुबह और शाम के समय ताजी हवा और व्यायाम के लिए उपयुक्त है। बच्चों के खेलने के लिए झूले, स्लाइड्स और आकर्षक मूर्तियां, संरचनाएं उपलब्ध हैं।

पार्क में हरियाली के बीच एक शांत तालाब और सजावटी पौधे हैं, जो वातावरण को सुकूनदायक बनाते हैं। यहां प्रतिवर्ष पुष्प प्रदर्शनी, फ्लॉवर शो जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें रंग-बिरंगे फूल और सेल्फी पॉइंट्स आकर्षण का केंद्र रहते हैं।

पार्क खुलने का समय

 

आमतौर पर भी इस सोमवार से रविवार, सुबह 5 बजे से सुबह 9 बजे तक तथा संध्या 4 बजे से रात 8 बजे तक पार्क खुला रहता है।
उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक ना रुको

सप्तगिरि पार्क के प्रारंभ में पूर्व प्रबंध निदेशक श्री रामा राजू द्वारा अनावरित और पूर्व महाप्रबंधक वाई. के. साहा की परिकल्पना स्वामी दयानंद सरस्वती की विशाल मूर्ति पार्क में आने वालों को प्रेरणा देती है। जहां लिखा है, उठो, जागो और तब तक ना रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति ना हो जाए।

कला वाटिका, हर मूर्ति कुछ कहती है

 

कला वाटिका में भवन के अंदर विशाल मां सरस्वती की मूर्ति है, तो बाहर विभिन्न कलाकारों द्वारा बनाई गई मनमोहक मूर्तियां हैं। इनमें प्रसिद्ध मूर्तिकार अंकुश देवांगन के हाथों से निर्मित मूर्तियां प्रमुख हैं, जिसमें आकर्षण का केंद्र राधा-कृष्ण का नृत्य करते हुए मूर्ति है,
तो लातूर में आए भूकंप को दर्शाती हुई एक मूर्ति भी उन्हीं के द्वारा बनाई गई है।

योगराज बोरकर द्वारा बच्चों को मां के द्वारा पढ़ाती हुई मूर्ति बनाई गई है।
एन. अनसूया द्वारा महादेव के परिवार को दर्शाते हुए शिव परिवार की मूर्ति बनाई गई है।
एक नन्ही बालिका का पौधों में पानी डालते हुए संस्कार नाम से मूर्ति बनाई गई है, जिसमें संदेश दिया गया है कि शुरू से ही बच्चों को पेड़ों के प्रति आकर्षित करना चाहिए।

राजेंद्र साहू की मूर्ति स्व-निर्माण यह संदेश देती है कि व्यक्ति अपने व्यक्तित्व का निर्माण स्वयं करता है।
इन मूर्तियों के बीच माधव राव द्वारा एक व्यक्ति की मूर्ति बनाई गई है, जो बैठकर चिंतित नजर आ रहे हैं, ऐसा लग रहा है मौसम की मार से किसान (अन्नदाता) चिंतित हो गया है।
वहीं योगराज बोरकर की बहुत ही आकर्षक मूर्ति है, जहां मां अपने नन्हे बच्चे की सिकाई ,मालिश कर रही है।
ऐसी कई मूर्तियां हैं, हर मूर्ति बहुत कुछ कहती है।

 

स्वर्गीय श्रीमती ज्योति घुले द्वारा निर्मित मृदंग नाटिका करती नृत्यांगना की मुर्ति

 

मूर्ति निर्माण के समय  के नगर प्रशासक  यस जी शिखंडे की परिकल्पना

 

 

 

फ्लॉवर शो की भी तैयारी चल रही है

 

सप्तगिरि पार्क की इंचार्ज युवराज साहू ने बताया कि अन्य दिनों की अपेक्षा आज लोगों का आना-जाना ज्यादा है। कारण यह है कि आज का मौसम खुशनुमा है, एक अलग ही माहौल बना रहा है। ऐसा लग रहा है कि हमारा शहर प्राकृतिक रूप से किसी हिल स्टेशन से कम नहीं है। वहीं दूसरी ओर आने वाले फरवरी-मार्च में फ्लावर शो की तैयारी के लिए अधिकारियों के निर्देशन में कर्मचारियों द्वारा काम किया जा रहा है।

पार्क में आए लोगों ने सभी नगरवासियों से अपील की है कि वे भी सुबह जल्दी उठकर पार्क आएं, योगा करें और प्रकृति के इस सुहाने मौसम का आनंद लें।

 

 

Spread the love

Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!