छत्तीसगढ़डौंडीदल्लीराजहराबालोदविविध
राजहरा में फिर लौटा भालू का खौफ: भोजन-पानी की तलाश में बस्ती तक पहुंचा वन्यजीव..!

दल्ली राजहरा
बुधवार 20 मई 2026
भोजराम साहू 9893 765541
लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर दल्लीराजहरा की सड़कों पर भालू की दस्तक से दहशत फैल गई। मंगलवार रात करीब 7:30 बजे वार्ड क्रमांक-5 स्थित शिकारी बाबा मंदिर परिसर में 2 भालू को विचरण करते देखा गया है । अचानक वन्यजीव के आबादी क्षेत्र में आने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग अनहोनी की आशंका से अपने घरों में दुबक गए, वहीं कुछ उत्सुक युवा वर्ग तथा छोटे-छोटे बच्चे भी भालू देखने के लिए शिकारी बाबा मंदिर परिसर के आसपास पहुंचे थे कई लोग दूर से उसका वीडियो बनाने लगे, वीडियो में छोटे-छोटे नन्हे बच्चों की भी आवाज आ रही है ।जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भालू माइंस क्षेत्र के जंगल की ओर से शहर की सीमा में दाखिल हुआ और भालू की संख्या दो थी लोगों का कहना है कि हो सकता है दोनों जोड़ा हो जो काफी देर तक मंदिर परिसर व आसपास की सड़कों पर घूमता रहा।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह कोई नई बात नहीं है। पिछले 7-8 महीनों से एक भालू कभी वन विभाग ऑफिस, शताब्दी नगर कॉलोनी, राजहरा बाबा मंदिर, 256 चौक, माइंस ऑफिस तो कभी पुराना बाजार के झरण मंदिर के आसपास देखा जा चुका है। आमतौर पर झुंड में रहने वाले भालू के विपरीत यह अकेला ही विचरण कर रहा है। आशंका है कि वह अपने साथी से बिछड़ गया हो और भोजन-पानी की तलाश में भटक रहा हो । हो सकता है अपने साथी के बिछड़ जाने के कारण उनकी तलाश कर रहा हो ।

गर्मी और जलसंकट बना वजह
स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार बढ़ती गर्मी और वन क्षेत्रों में जलस्रोतों के सूखने के कारण जंगली जानवर आबादी की ओर रुख कर रहे हैं। गर्मियों में जंगलों में भोजन की कमी और पानी की जरूरत बढ़ने से भालू रात या सुनसान दोपहर में बस्तियों की ओर आ जाते हैं।

वन विभाग ने जारी की चेतावनी
संतोष कुमार ठाकुर वन परिक्षेत्र अधिकारी दल्ली राजहरा ने बताया कि भालू की वस्तुस्थिति से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। साथ ही जनता से अपील की है:
“भालू दिखने पर उसे न छेड़ें, फोटो-वीडियो बनाने की कोशिश न करें। वन्य जीव से दूरी बनाकर रखें और तुरंत वन विभाग को सूचित करें। वैसे तो भालू शांत स्वभाव का प्राणी है, लेकिन विचलित होने पर हिंसक हो सकता है। उसके तेज नाखून से जान का खतरा भी हो सकता है।”





