इंदौरीकबीरधामकवर्धाकुई कुकदुरकुंडाछत्तीसगढ़

“राम ही जाने क्या थी उनकी इच्छा, ली क्यों सीता की अग्नि परीक्षा!” हस्ताक्षर साहित्य समिति में दिवाली मिलन समारोह

दल्ली राजहरा मंगलवार 17 नवंबर 2026 भोजराम साहू  9893765541
“_ कवियों ने दीप, प्रेम, राम और मानवता की बातों से जीता दिल”_

 

 हस्ताक्षर साहित्य समिति द्वारा दिवाली मिलन का आयोजन निषाद सामाजिक भवन, दल्लीराजहरा में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में आद. कामता प्रसाद देशलहरा, ग्राम खल्लारी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान की। समिति के अध्यक्ष संतोष ठाकुर ‘सरल’ ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर समिति के वरिष्ठ साहित्यकार सरिता गौतम ‘मधु’, शमीम अहमद सिद्दिकी ‘शमीम’, घनश्याम पारकर, गोविंद कुट्टी पणिकर, दीपक कुमार मंडल, अमित दुबे ‘प्रखर’ उपस्थित रहे।

 

मां सरस्वती की पूजा वंदना उपरांत कार्यक्रम की शुरुआत हुई। अध्यक्षीय उद्बोधन में दिवाली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सरल जी ने कहा कि भगवान राम जी के रावण, असुर साम्राज्य, लंका पर विजय प्राप्त कर अयोध्या वापसी की खुशी में और सच्चाई एवं अच्छाई की जीत के उपलक्ष में पारंपरिक दिवाली पर्व मनाते हैं। इस पर कवियों ने भी अपने विचार रखे।

 

इसके बाद उपस्थित साहित्यकारों द्वारा काव्य पाठ किया गया एवं नगरवासियों को प्रकाश एवं खुशियों के महापर्व दिवाली की शुभकामनाएं, हार्दिक बधाइयां प्रेषित कर सबके उज्जवल भविष्य की मंगल कामना की गई

 

काव्य पाठ की झलकियां इस प्रकार रही…

 सरिता गौतम ‘मधु’ –
प्रेम को ही जीवन का सबसे बड़ा धर्म बताते हुए सरिता जी ने कहा कि आओ हम सब मिलजुल कर रहें, प्रेम से रहें, प्रेम की ही बातें करें। तकरार को छोड़कर इकरार की राह पर चलें –

 

प्यार की बातें करें,
इक़रार की बातें करें,
मीत, अब हरगिज़ न हम
तकरार की बातें करें।
नाव जो पहुँचा दे
अपनी ज़िंदगी इस पार से,
आ, उसी माँझी,
उसी पतवार की बातें करें।

 

. संतोष ठाकुर ‘सरल’ –
सीता जी की अग्नि परीक्षा के दर्द को महसूस करते हुए सरल जी ने कहा कि राम भी भगवान होकर भी मर्यादा के बंधन में बंधे थे, और जानकी का त्याग ही उनकी सबसे बड़ी पूजा है –

 

राम ही जाने क्या थी उनकी इच्छा
ली क्यों सीता की अग्नि परीक्षा,
मन की व्यथा रही भारी मर्यादा पर
करनी पड़ी खुद की जो समीक्षा,
राम जी भगवान हैं, भगवती हैं जानकी
मान बढ़ाती हैं, जो अग्नि, धरा, धाम की,
मायका, ससुराल में सभी से प्यार मिला
मुश्किलों में साथ रहीं परछाई हैं राम की।

. गोविंद कुट्टी पणिकर –
बच्चों को शिक्षा की ओर प्रेरित करते हुए पणिकर जी ने कहा कि कलम, किताब ही जीवन की असली पूंजी है, अ से ज्ञानी तक का सफर ही सबसे सुखद सफर है –

 

बच्चों तुम्हें कलम, कापी,
किताब देखना उन्हें छूना
कितना सुखद लगता है,
उससे भी सुखद है
अ से ज्ञानी तक का सफ़र तय करना।

 

 कामता प्रसाद देशलहरा –
सबके जीवन में खुशहाली की कामना करते हुए कामता जी ने कहा कि आओ इस दिवाली को सब मिलकर मनाएं, ताकि हर घर में खुशहाली का दीप जले –

 

आओ मनाएं दिवाली,
हर तरफ हो खुशहाली

 

शमीम अहमद सिद्दिकी ‘शमीम’ –
मन की अनंत इच्छाओं और जीवन के सुख-दुख का दर्शन कराते हुए शमीम जी ने कहा कि मन में चाहें तो अनंत हैं, पर सुख का पल क्षणिक है और दुख साथ-साथ चलता है –

 

मन में तो चाहें अनन्त हैं
सपने तो फैले दिगंत हैं
दिख जाता कभी सुख का पल
साथ जगे पर दुख अनंत हैं।।

 

. दीपक कुमार मंडल –
मिट्टी के दीप की महिमा बताते हुए दीपक जी ने कहा कि असली दीप वही है जो कुम्हार के घर से आकर हर घर को जगमगाए और वसुंधरा का मान बढ़ाए –

 

दीप वही जो कुम्हार के घर से आए
हर घर को जो जगमगाए,
वसुंधरा का मान बढ़ाए..।

 

घनश्याम पारकर –
हास्य और व्यंग्य के अंदाज में पारकर जी ने अपनी कविता में कहा कि सब लक्ष्मी जी को बुलाने हाथ फैलाए बैठे हैं, पर उन्होंने तो लक्ष्मी जी की सवारी उल्लू जी से ही विनती कर दी कि इस बार मैया को घर ले आइए। जैसे भगवान को खुश रखने के लिए पंडित जी को  खुश रखना पड़ता है और नेताजी को खुश करने के लिए उनके प्रतिनिधि को खुश रखना पड़ता है,  वैसे ही उन्होंने उल्लू जी से प्रार्थना की कि आप ही तारणहार हैं, इस बार आप ही माँ लक्ष्मी को मेरे घर ले आइए –

 

दीपावली का पर्व है आया,
घर-घर दीप जलाए हैं,
लक्ष्मी जी को बुलाने खातिर,
सबने हाथ फैलाए हैं।
कोई सोना-चाँदी माँगे,
कोई बंगला-गाड़ी घर,
मेरी नजरें टिकी हुई हैं,
लक्ष्मी जी की सवारी पर।
मैंने भी उल्लू जी से बोला,
सुनिए बात हमारी,
इस दीपावली घर ले आइए,
लक्ष्मी मैया प्यारी।
उल्लू बोले ठहर जरा तू,
पहले बात बता दे,
मुझे उल्लू कहने वालों की,
सूची जरा दिखा दे।

 अमित दुबे ‘प्रखर’ –
आत्मज्योति जगाने का संदेश देते हुए प्रखर जी ने कहा कि अगर मन का दीप जल जाए तो अंधेरा खुद ही मिट जाएगा, फिर दिशाएं चाहे कितनी भी मलिन हों –

 

मन तेरा जो दीप हो तो
फिर तमस अस्तित्वहीन है
आत्म ज्योति से निखर तू
फिर दिशाएँ चाहे मलिन हैं।।

कार्यक्रम के पश्चात समिति के वरिष्ठ संस्थापक सदस्य आचार्य जे आर महिलांगे जी के निवास में जाकर उनसे मुलाकात की गई एवं उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई। अमित प्रखर जी के निवास पर सभी ने पारिवारिक सौजन्य भेंट किए। कार्यक्रम का संचालन अमित प्रखर जी ने किया।
Spread the love

Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!