दल्ली राजहरा शुक्रवार 11 सितंबर 2026 भोजराम साहू 9893 765541

 

केंद्रीय सूची में नाम न होने से नहीं मिल रहा आरक्षण का लाभ – भानु प्रताप यादव

 

 छत्तीसगढ़ की केंद्रीय अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) सूची में रावत जाति को शामिल कराने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन के प्रांताध्यक्ष भानु प्रताप यादव ने कलेक्टर दुर्ग के माध्यम से मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव एवं राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग को ज्ञापन प्रेषित किया है।

 

ज्ञापन में बताया गया है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राजपत्र क्रमांक-293 दिनांक 27 जून 2020 के माध्यम से यादव समाज की उपजाति रावत को राज्य की पिछड़ा वर्ग सूची में शामिल किया गया है, लेकिन राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग की केंद्रीय सूची में रावत जाति का पृथक रूप से उल्लेख नहीं होने के कारण समाज के लोगों को केंद्र शासन की योजनाओं और आरक्षण संबंधी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

 

अनुशंसा के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

 

भानु प्रताप यादव ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि छत्तीसगढ़ शासन, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग, नवा रायपुर के पत्र क्रमांक 2474 दिनांक 14/08/2025 तथा सचिव, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के पत्र क्रमांक 453 दिनांक 10/06/2025 के द्वारा इस संबंध में अनुशंसा की जा चुकी है, बावजूद इसके अभी तक केंद्रीय सूची में रावत जाति को शामिल नहीं किया गया है।

शिक्षा और रोजगार में हो रहा नुकसान

 

ज्ञापन में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ में यादव समाज की बड़ी आबादी निवासरत है जो पशुपालन, दुग्ध व्यवसाय और दैनिक मजदूरी जैसे परंपरागत कार्यों से जीवन यापन करती है। केंद्रीय OBC सूची में नाम न होने के कारण समाज के विद्यार्थियों और युवाओं को केंद्रीय शैक्षणिक संस्थानों, प्रतियोगी परीक्षाओं और योजनाओं में OBC आरक्षण का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

यह की गई मांग

संगठन ने मांग की है कि छत्तीसगढ़ राज्य की केंद्रीय OBC सूची के अनुक्रमांक 01 में दर्ज ‘अहीर’ के पश्चात ‘रावत’ तथा अंग्रेजी में ‘RAWAT’ एवं ‘RAVAT’ शब्द जोड़ा जाए, ताकि पात्र लोगों को केंद्रीय सुविधाओं का लाभ मिल सके।

 

यह ज्ञापन भारत सरकार के सामाजिक न्याय मंत्री, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव सहित संबंधित अधिकारियों को प्रेषित किया गया है।
Spread the love
Bhojram Sahu

By Bhojram Sahu

प्रधान संपादक "हमारा दल्ली राजहरा: एक निष्पक्ष समाचार चैनल"

You missed

error: Content is protected !!