कबीरधामकवर्धाछत्तीसगढ़डौंडीदल्लीराजहराधार्मिक आयोजनबालोदविविध
आस्था और प्रकृति का संगम – माँ झरन मैय्या मंदिर, उपेक्षा की मार झेल रहा दल्ली राजहरा का सबसे प्राचीन धरोहर ।

दल्ली राजहरा सोमवार 19 अक्टूबर 2026 भोजराम साहू 9893 765541
माँ झरन मैय्या मंदिर,( दल्ली राजहरा)

41वीं नवरात्रि पर 55 मनोकामना ज्योति प्रज्वलित, तीन प्रशासन की अनदेखी से आक्रोशित समिति ने दी उच्च न्यायालय में जनहित याचिका की चेतावनी
नगर का सबसे प्राचीन मंदिर माँ झरन मैय्या मंदिर आज भी प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार है। मंदिर के दोनों छोरों पर प्राकृतिक झरनों का अथाह खजाना है। बीच में एक पत्थर के चबूतरे पर प्राचीन शिवलिंग, नंदी बैल एवं सैकड़ों राजा-महाराजा और सैनिकों की प्राचीन मूर्तियाँ स्थापित थीं। यही झरन मंदिर नगरवासियों के पूजा-पाठ का सुप्रसिद्ध केंद्र था। देखरेख के अभाव में बहुत सी अमूल्य प्राचीन मूर्तियों को गुमनाम लोग ले गए।
इतिहास गवाह है कि मंदिर के दोनों छोरों पर बहने वाले यही झरने पूर्व में दल्लीराजहरा के लोगों के लिए एकमात्र पीने के पानी एवं निस्तारी के प्रमुख साधन थे। दल्लीराजहरा नगर 1955 के आसपास अस्तित्व में आया। लगभग 1965 में इन्हीं झरनों के बाएं छोर पर बीएसपी प्रशासन ने झरनों को एकत्रित कर झरन पम्प हाउस का निर्माण किया, जिससे बीएसपी की सारी पानी की जरूरत पूरी होती थी। बाद में बीएसपी प्रशासन ने डेम साइड एवं बोरी डेम में नए पम्प हाउस का निर्माण किया तब इसे रेलवे प्रशासन को दे दिया। तब से आज लगभग 35 सालों से रेलवे की सारी पानी की जरूरत यहीं से पूरी हो रही है।
लगातार अनदेखी से व्यथित होकर वार्ड नं. 10, 12, 18 के लोगों ने मंदिर निर्माण के लिए माँ झरन मैय्या मंदिर जनकल्याण समिति का गठन किया। जिसके प्रथम अध्यक्ष रमेश मित्तल को बनाया गया, जो निरंतर 13 सालों तक अध्यक्ष रहे व वर्तमान में संरक्षक व मंदिर प्रभारी हैं।

2007 में हुआ भव्य निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा
रमेश मित्तल के कार्यकाल में आम जनता के सहयोग से यह मंदिर 2007 में पूर्ण हुआ। विधिवत बनारस से आए पंडितों के समूह ने चैत्र नवरात्रि की प्रतिपदा से प्राण प्रतिष्ठा के लिए पूजा-अर्चना प्रारंभ की एवं पंचमी के दिन भव्य माँ गंगा मैय्या एवं नव दुर्गा की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा हुई। गंगा मैय्या की मूर्ति तत्कालीन नगर निरीक्षक एस. आर. पठारे ने निर्माण कराकर समिति को प्रदान की थी।

तब से लगातार यहाँ दोनों चैत्र और क्वार नवरात्रि में मनोकामना ज्योति प्रज्वलित होती आ रही है। यह 41वीं नवरात्रि है। इस वर्ष कुल 55 मनोकामना ज्योति प्रज्वलित हुई हैं, जिसमें 9 ज्योति घी की एवं 46 ज्योति तेल की हैं।
माँ झरन मैय्या मंदिर में साल में तीन बार भव्य भंडारा का आयोजन होता है – दोनों नवरात्रि की नवमी को एवं महाशिवरात्रि पर विशाल भंडारा होता है।

इस वर्ष के कार्यक्रम की रूपरेखा
समिति के अध्यक्ष रमेश मित्तल ने बताया कि इस वर्ष , 19 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11:30 बजे महानवमी हवन, तत्पश्चात दोपहर 12:30 बजे से रात्रि 10 बजे तक विशाल भंडारा चलेगा। शाम 5 बजे मनोकामना ज्योति विसर्जित की जाएगी।

नगर के पहाड़ी मंदिर, शीतला मंदिर, शनि मंदिर, चंडी मंदिर एवं अन्य सैकड़ों ज्योत-जवारा इसी झरन मंदिर के जलकुंड में विसर्जित होती हैं। उसी प्रकार सावन मास में पूरे वार्डों, नगर सहित कुसुमकसा तक से कावड़िए यहाँ आकर जल लेकर जाते हैं।
लेकिन इस परिसर के विकास के लिए सभी प्रशासन के अधिकारियों से निरंतर प्रयास के बाद भी आँखें बंद करके बैठे हुए हैं।
समिति ने दी आंदोलन और जनहित याचिका की चेतावनी
समिति के संरक्षक व मंदिर प्रभारी रमेश मित्तल ने बताया कि समिति दिसंबर माह तक नगरपालिका, बीएसपी एवं जिला प्रशासन का इंतजार करेगी। अगर इसके बाद भी यहाँ के प्राकृतिक झरनों को सुरक्षित रखने का काम प्रारंभ नहीं होता है, तो समस्त मोहल्लेवासियों के साथ नगरपालिका व बीएसपी प्रशासन का घेराव कर चेतावनी दी जाएगी। इसके बाद भी यदि प्रशासन कुंभकर्णी नींद से नहीं जागता है, तो इनके खिलाफ माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर में जनहित याचिका दायर की जाएगी, ऐसा समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है।





